Parliament Budget Session 2023: बजट सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक, सरकार बोली- सभी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार हैं

|
Parliament Budget Session 2023: बजट सत्र से पहले हुई सर्वदलीय बैठक, सरकार बोली- सभी मुद्दों पर बातचीत के लिए तैयार हैं

Parliament Budget Session: संसद के बजट सत्र से पहले सोमवार को दिल्ली में सर्वदलीय बैठक  हुई। इस बैठक में 27 राजनीतिक दलों के नेताओं ने हिस्सा लिया। इसकी जानकारी केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने दी। बैठक के बाद प्रह्लाद जोशी ने बताया कि आज हुई सर्वदलीय बैठक में 27 राजनीतिक दलों के 37 नेताओं ने भाग लिया।

मंत्री प्रह्लाद जोशी ने कहा कि आज की बैठक अच्छी रही। मैं संसद को अच्छे से चलाने के लिए विपक्ष का सहयोग चाहता हूं। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि हम सभी मुद्दों पर चर्चा के लिए तैयार हैं। वहीं बैठक में कांग्रेस के शामिल नहीं होने पर उन्होंने कहा कि भारत जोड़ो यात्रा के चलते सभी नेता कश्मीर में हैं और वहां से कुछ फ्लाइट्स लेट हो गई है। इसलिए पार्टी कल उनसे मुलाकात करेगी और सरकार के सामने अपना पक्ष रखेगी।

केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी  ने बताया बैठक में आरजेडी ने अडानी का मुद्दा उठाया तो टीएमसी ने पीएम मोदी पर बनी बीबीसी डॉक्यूमेंट्री पर बैन का मुद्दा उठाया। सरकार द्वारा बुलाई गई सर्वदलीय बैठक में बसपा ने चीनी घुसपैठ का मुद्दा उठाया और संसद में चर्चा की मांग की। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, इस पर सरकार ने जवाब दिया कि कुछ मामलों पर सदन के पटल पर चर्चा नहीं की जा सकती क्योंकि वे सुरक्षा से संबंधित हैं।

वहीं, सर्वदलीय बैठक के बाद बीजद सांसद सस्मित पात्रा ने कहा कि इस सत्र में महिला आरक्षण विधेयक बीजद की प्राथमिकता में रहने वाला है। हम बिल पास करने पर जोर दे रहे हैं। हम सरकार पर बिल पास करने के लिए दबाव बनाने के लिए समान विचारधारा वाले दलों के साथ आम सहमति भी बनाएंगे।

Tags

Share this story

featured

Trending