मां बनने के बाद बदल गई श्रद्धा आर्या की जिंदगी, बोलीं- पुरानी श्रद्धा से दोबारा नहीं मिल पाऊंगी

|
मां बनने के बाद बदल गई श्रद्धा आर्या की जिंदगी, बोलीं- पुरानी श्रद्धा से दोबारा नहीं मिल पाऊंगी

Mumbai: स्टार प्लस के नए शो दिल की बेवफाइयाँ के प्रीमियर का इंतज़ार कर रहे दर्शकों को लॉन्च इवेंट में इसकी कहानी की एक झलक मिली। इस मौके पर फराह खान ने शो के मुख्य कलाकारों गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या से खुलकर बातचीत की। एकता कपूर के इस रोमांटिक फैमिली ड्रामा में दोनों मानव और जानकी की भूमिका निभा रहे हैं, जो शादी के 20 साल बाद अपनी ज़िंदगी को अलग-अलग नज़रिए से देखते हैं। जब बातचीत इस पर आई कि परिवार की ज़िम्मेदारियों के बीच अपने लिए बनाई योजनाएँ कैसे बदल जाती हैं, तो श्रद्धा ने जुड़वां बच्चों की माँ बनने के बाद का अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि उस दौर में उन्हें अपनी पुरानी ज़िंदगी और उस ज़िंदगी की श्रद्धा की कितनी याद आती थी।

श्रद्धा ने कहा, “बच्चों के जन्म के बाद पहले साल में अगर आपने मुझसे ये सवाल पूछा होता, तो मैं यहीं रो पड़ती। उस वक्त मैं बहुत भावुक थी। एक तरह से ये किसी रिश्ते के टूटने जैसा है। जैसे आपका खुद से ही ब्रेकअप हो जाता है। बच्चे होने के बाद आप अपने उस पुराने रूप से बिछड़ जाते हैं। मुझे लगा कि अब मैं उस पुरानी श्रद्धा से फिर कभी नहीं मिल पाऊँगी। उसके लिए मैं तैयार भी नहीं थी। उसे ठीक से अलविदा कहने का मौका भी नहीं मिला। आप सोचते हैं कि बच्चे हो जाएँगे और ज़िंदगी फिर पहले जैसी हो जाएगी। लेकिन ज़िंदगी पहले जैसी नहीं होती।”

श्रद्धा ने बताया कि माँ बनने के बाद कॉफी पीने के लिए बाहर जाना हो, तो उसके लिए भी पहले कई इंतज़ाम करने पड़ते थे। करीब डेढ़ साल तक उन्हें अपनी पुरानी ज़िंदगी की कमी महसूस हुई। वह अक्सर सोचती थीं कि काश माँ बनने से पहले कुछ और चीज़ें कर ली होतीं। अब, जुड़वां बच्चों के जन्म के दो साल बाद, वह इसे अपनी ज़िंदगी का ‘काफी’ वाला दौर कहती हैं। “अब मुझे लगता है कि जो रह गया, उसे जाने दो। जो मिला है, उसकी कद्र करो, उसका ज़िक्र करो और जो छूट गया, उसकी फ़िक्र मत करो।”

‘काश’ और ‘काफी’ का यही फ़र्क शो में मानव और जानकी के रिश्ते में भी दिखता है। जानकी को उस ज़िंदगी के छोटे-छोटे पलों में खुशी मिलती है, जो उसने मानव के साथ बनाई है। वहीं, मानव उन ख्वाहिशों के बारे में सोचने लगा है, जिन्हें उसने सालों से अपने मन में दबा रखा है। देखिए ‘दिल की बेवफाइयाँ’ 24 नवंबर से रात 9 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर।

Tags

Share this story

featured

Trending