होंठों पर गुलाब, आंखों में आग और अंदाज में इश्क! फिल्म ‘King’ के नए पोस्टर ने बढ़ाया शाहरुख का क्रेज
Mumbai (Anil Bedag): बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान एक बार फिर अपने अंदाज से दर्शकों के दिलों पर राज करने के लिए तैयार हैं। उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘किंग’ का नया दमदार पोस्टर सामने आते ही फैंस के बीच उत्साह बढ़ गया है। पोस्टर में शाहरुख का अंदाज जितना रोमांटिक है, उतना ही खतरनाक और रहस्यमयी भी नजर आता है।
होंठों के बीच गुलाब दबाए और आंखों में आग लिए शाहरुख का यह नया लुक उनके किरदार के कई अनकहे पहलुओं की झलक देता है। ‘कातिल नहीं… आशिक हूं…’ जैसी दिलचस्प टैगलाइन फिल्म के रोमांस, एक्शन और जुनून से भरे संसार को लेकर उत्सुकता और बढ़ा देती है। उनका यह अंदाज इशारा करता है कि ‘किंग’ में प्यार और खतरनाक टकराव का अनोखा मेल देखने को मिल सकता है।
फिल्म के नए पोस्टर में शाहरुख की लार्जर-दैन-लाइफ स्क्रीन प्रेजेंस साफ झलकती है। सिद्धार्थ आनंद के निर्देशन में बनी और रेड चिलीज एंटरटेनमेंट तथा मरफ्लिक्स पिक्चर्स द्वारा निर्मित ‘किंग’ 24 दिसंबर 2026 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। अब दर्शकों को बड़े पर्दे पर शाहरुख के इस नए अवतार का इंतजार है।

