हर धुन में रिश्तों की खुशबू, हर बोल में मोहब्बत... संगीत से सजी 'Dil Deewana Ho Gaya'
Mumbai (Anil Bedag): किसी भी रोमांटिक फिल्म की सबसे बड़ी पहचान उसका संगीत होता है। जब गीत कहानी के किरदारों की भावनाओं को आवाज़ देते हैं, तो वे केवल सुनने के लिए नहीं, बल्कि महसूस करने के लिए बन जाते हैं। ऐसी ही मधुर और दिल को छू लेने वाली धुनों के साथ ग्रैंडवे प्रोडक्शंस की आगामी फिल्म ‘दिल दीवाना हो गया’ का म्यूजिक एल्बम अब सभी प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज हो चुका है। रिलीज के साथ ही फिल्म का टाइटल ट्रैक श्रोताओं की जुबां पर चढ़ने लगा है और सोशल मीडिया पर भी इसे भरपूर सराहना मिल रही है।
फिल्म के सभी पांच गीत अब स्पॉटीफाई, एप्पल म्यूजिक, जियोसावन, गाना, हंगामा म्यूजिक, आईट्यून्स सहित सभी प्रमुख डिजिटल म्यूजिक प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध हैं। संगीत प्रेमियों का उत्साह इस बात से भी साफ झलकता है कि फिल्म का टाइटल ट्रैक रिलीज होते ही तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और सोशल मीडिया पर इसकी सकारात्मक प्रतिक्रिया लगातार बढ़ रही है। 31 जुलाई 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही इस फिल्म में भानुज सूद, काजल चौहान और शुभकरण भोपाल मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इनके साथ राजू खेर, मुश्ताक खान, अरुण बख्शी, बृज गोपाल, मेहुल बुच, गरिमा अग्रवाल, अंजलि गुप्ता और दिव्या द्विवेदी भी अहम किरदार निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन राजीव शामलाल सोनी ने किया है।
फिल्म के संगीतकार विष्णु नारायण ने एल्बम को प्रेम, परिवार और रिश्तों की भावनाओं से इस तरह सजाया है कि हर गीत कहानी का विस्तार महसूस होता है। पामेला जैन, यूवी , अमित मुटरेजा, विष्णु नारायण और सारिका सिंह की मधुर आवाज़ों ने गीतों को और भी प्रभावशाली बना दिया है। वहीं ऋषि आज़ाद, सनी आसलम और विष्णु नारायण के लिखे बोल दिल की भावनाओं को सहजता से अभिव्यक्त करते हैं। यही वजह है कि फिल्म का संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि भावनाओं का एक खूबसूरत सफर बनकर सामने आया है।
फिल्म की एक और खासियत इसकी भव्य विजुअल प्रस्तुति है। मुंबई और मनाली की खूबसूरत लोकेशंस पर फिल्माए गए गीत अपनी शानदार सिनेमैटोग्राफी के कारण अंतरराष्ट्रीय स्तर का एहसास कराते हैं। कई दृश्य ऐसे हैं जिन्हें देखकर दर्शकों को स्विट्जरलैंड की वादियों की याद आ जाती है। मनमोहक प्राकृतिक नज़ारों और आकर्षक फ्रेम्स ने गीतों की खूबसूरती को कई गुना बढ़ा दिया है।
निर्माता ईशपॉल सिंह चावला का मानना है कि किसी भी फिल्म का संगीत तभी सफल माना जाता है जब दर्शक सिनेमाघर से निकलने के बाद भी उसे गुनगुनाते रहें। उनकी यही सोच ‘दिल दीवाना हो गया’ के हर गीत में साफ दिखाई देती है। टाइटल ट्रैक को मिल रहा दर्शकों का प्यार इस बात का संकेत है कि फिल्म का संगीत लोगों के दिलों में अपनी जगह बनाने में सफल हो रहा है।
आज के दौर में जब किसी फिल्म की पहली पहचान अक्सर उसके गीत बनते हैं, तब ‘दिल दीवाना हो गया’ का संगीत उसकी सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरा है। मधुर धुनें, अर्थपूर्ण बोल और शानदार प्रस्तुति इस एल्बम को खास बनाते हैं। अब दर्शकों की निगाहें 31 जुलाई पर टिकी हैं, जब यह फिल्म बड़े पर्दे पर दस्तक देगी और संगीत के साथ अपनी भावनात्मक कहानी से भी दिल जीतने की कोशिश करेगी।

