JK News: 'वतन को जानो' कार्यक्रम में भाग लेने वाले- युवा प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

JK News: 'वतन को जानो' कार्यक्रम में भाग लेने वाले- युवा प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति से मुलाकात की

New Delhi: 'वतन को जानो' कार्यक्रम में भाग लेने वाले जम्मू-कश्मीर के एक युवा प्रतिनिधिमंडल ने सोमवार को राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात की।

प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों को संबोधित करते हुए राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि 'वतन को जानो' कार्यक्रम का उद्देश्य उन्हें देश की कला, संस्कृति, सभ्यता और देश में हो रहे विकास कार्यों से अवगत कराना है। दौरे के दौरान उन्हें एहसास हुआ होगा कि हम अलग-अलग भाषाएं बोलते हैं, अलग-अलग कपड़े पहनते हैं, अलग-अलग जीवनशैली अपनाते हैं, लेकिन हम एक हैं। यही एकता हमारी असली ताकत है। 

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि अनुच्छेद-370 हटने के बाद जम्मू-कश्मीर के विकास में अभूतपूर्व प्रगति हुई है। भारत सरकार और स्थानीय प्रशासन लोगों की प्रगति के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। आम लोगों के लाभ के लिए शासन-प्रशासन में प्रौद्योगिकी का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जा रहा है। डिजिटल जम्मू-कश्मीर की ओर बढ़ते हुए, प्रशासन ने शासन को भविष्य के लिए तैयार करने के लिए महत्वपूर्ण पहल की है। उन्होंने कहा कि प्रभावी वितरण और पारदर्शिता सुशासन का आधार है। उन्हें यह जानकर खुशी हुई कि इसी सोच के साथ 1100 से अधिक सरकारी सेवाओं को ऑनलाइन कर दिया गया है जो आम जनता के हित में है।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने कहा कि जम्मू-कश्मीर के युवा भारत की मुख्यधारा का हिस्सा बनकर अपने सपनों को पूरा करना चाहते हैं, लेकिन आज भी कुछ तत्व निहित स्वार्थों के कारण नहीं चाहते कि कश्मीर आगे बढ़े। हालांकि, जिस तरह से सरकार जम्मू-कश्मीर की प्रगति के लिए बुनियादी ढांचे, प्रौद्योगिकी और शिक्षा में निवेश कर रही है, वह दिन दूर नहीं जब जम्मू-कश्मीर भारत में प्रगति का आदर्श प्रस्तुत करेगा।

द्रौपदी मुर्मू ने युवा प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों से सरकार द्वारा किए जा रहे विकासात्मक प्रयासों का लाभ उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि ऐसा करने से उनके जीवन में तरक्की के नए रास्ते खुलेंगे। राष्ट्रपति ने उन्हें अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए नशीली दवाओं, असामाजिक तत्वों और नकारात्मक प्रचार से दूर रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र सभी को उचित अवसर प्रदान करता है, बस उन्हें इस पर विश्वास करना होगा और समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ आगे बढ़ना होगा।

Share this story