Mathura News: अमित शाह की पत्नी सोनल शाह पहुंची गोवर्धन, दानघाटी और मुखारविंद मंदिर में की पूजा अर्चना
Mathura: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की पत्नी सोनल शाह बुधवार को अपनी धार्मिक यात्रा पर गोवर्धन, बरसाना वृंदावन पहुंचीं। जहां उन्होंने गोवर्धन में गिरिराज महाराज का दुग्धाभिषेक किया।
बरसाना में श्रीराधारानी के दर्शन किए तथा वृंदावन में ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन कर पूजा अर्चना एवं मनौती मांगी। उन्होंने कहा कि गोवर्धन में आकर मन को शांति मिलती है। गिरिराजजी के दर्शन कर सुखद अनुभूति हुई है, वहीं उन्होंने बांकेबिहारी मंदिर में कहा नववर्ष के प्रथम दिवस बांकेबिहारी महाराज के दर्शनों का सौभाग्य मिलना सुखद संयोग तथा आराध्य की कृपा है।
विक्रम संवत 2080 के आगाज को मंगलमय बनाने के लिए तथा नववर्ष की पहली सुबह बुधवार को अपने आराध्य के सानिध्य में बिताने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ बांकेबिहारी मंदिर, गिरिराज महाराज तथा श्रीकृष्ण जन्मभूमि में पहुंचे। वहीं बुधवार को अमित शाह की पत्नी ने गोवर्धन के दानघाटी मंदिर पहुंचकर सेवायत पवन कौशिक के निर्देशन में गिरिराज प्रभु का दुग्धाभिषेक कर विधि विधान से पूजा अर्चना की। सेवायत पवन कौशिक ने प्रसादी दुपट्टा, चंदन और माला पहनाकर स्वागत किया। उन्होंने गिरिराज मंदिर में बैठ कर प्रभु की आराधना की। उन्होंने कहा कि गोवर्धन में आकर मन को शांति मिलती है। गिरिराजजी के दर्शन कर सुखद अनुभूति हुई है। इसके बाद वो बरसाना राधारानी मंदिर दर्शन के लिए निकल गईं।
इस मौके पर राजकुमार कौशिक, कन्हैया लाल शर्मा, अंशु कौशिक, सीओ गोवर्धन राम मोहन शर्मा, थाना प्रभारी नितिन कसाना आदि मौजूद रहे। बुधवार पूर्वान्ह बरसाना दर्शन करने के बाद केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह धर्मपत्नी सोनल शाह ने जन-जन के आराध्य बांकेबिहारी महाराज के दर्शन किए। वे लगभग 11:30 बजे मंदिर पहुंची, जहां आचार्य ज्ञानेन्द्र किशोर गोस्वामी के निर्देशन में उन्हें पूजन-अर्चन कराया गया। उन्होंने कहा कि नववर्ष के प्रथम दिवस बांकेबिहारी महाराज के दर्शनों का सौभाग्य मिलना सुखद संयोग तथा आराध्य की कृपा है। उन्होंने सभी देशवासियों तथा ब्रजवासियों के मंगलमय नववर्ष की कामना बांकेबिहारी महाराज के श्रीचरणों में की।