Republic Day Ceremony: देश के सर्वप्रिय नेताजी सुभाष चंद्र बोस के जन्मदिन से होगा Republic Day Ceremony का आगाज, PM Modi आज करेंगे प्रतिमा का अनावरण
नई दिल्ली। भारत अब अपना गणतंत्र दिवस समारोह जनवरी से प्रारंभ करने जा रहा है। देश के सर्वप्रिय नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती से अब गणतंत्र दिवस समारोह का आगाज होगा।
गणतंत्र दिवस समारोह की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi), नेताजी की 125वीं जयंती के मौके पर रविवार को करेंगे। दिल्ली के इंडिया गेट पर नेताजी की होलोग्राम प्रतिमा (Hologram statue) का अनावरण करेंगे। प्रधानमंत्री ने बताया कि जब तक ग्रेनाइट से बनी नेताजी की 'भव्य प्रतिमा का काम पूरा नहीं हो जाता, उसी स्थान पर होलोग्राम की प्रतिमा लगाई जाएगी।
क्या है होलोग्राम प्रतिमा?
होलोग्राम प्रतिमा को 30,000 लुमेन 4K प्रोजेक्टर द्वारा संचालित किया जाएगा। होलोग्राफिक स्क्रीन से नेताजी की 3डी छवि पेश की जाएगी। पीएमओ (PMO) द्वारा जारी एक बयान के अनुसार, होलोग्राम प्रतिमा का आकार 28 फीट ऊंचा और 6 फीट चौड़ा है।
पीएम नेताजी आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी देंगे
पीएम मोदी, वर्ष 2019, 2020, 2021 और 2022 के लिए अलंकरण समारोह में सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार भी प्रदान करेंगे। समारोह के दौरान कुल सात पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। केंद्र सरकार ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में भारत में व्यक्तियों और संगठनों द्वारा प्रदान किए गए अमूल्य योगदान और निस्वार्थ सेवा को पहचानने और सम्मानित करने के लिए वार्षिक सुभाष चंद्र बोस आपदा प्रबंधन पुरस्कार की स्थापना की है। पुरस्कार की घोषणा हर साल 23 जनवरी को की जाती है। इस पुरस्कार में संस्था को 51 लाख का नकद पुरस्कार और अगर किसी व्यक्ति को दिया जाता है तो उसे 5 लाख और एक प्रमाण पत्र दिया जाता है। सरकार ने पिछले साल घोषणा की थी कि सुभाष चंद्र बोस की जयंती हर साल 'पराक्रम दिवस' के रूप में मनाई जाएगी।
आजाद हिंद फौज का स्थापना किया था नेताजी ने
23 जनवरी, 1897 को ओडिशा के कटक में जानकीनाथ बोस के घर जन्मे नेताजी सुभाष चंद्र बोस ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्हें आजाद हिंद फौज की स्थापना के लिए भी जाना जाता है।
गणतंत्र दिवस प्रतिवर्ष 26 जनवरी को मनाया जाता है। गणतंत्र दिवस समारोह 24 जनवरी से शुरू होकर 30 जनवरी को समाप्त होगा, जिस दिन महात्मा गांधी की हत्या हुई थी। लेकिन अब यह 23 जनवरी नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती के दिन से प्रारंभ होगा।

