प्रियंका गांधी वाड्रा की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में होना पड़ा भर्ती

प्रियंका गांधी वाड्रा की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में होना पड़ा भर्ती

Priyanka Gandhi: कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि खराब स्वास्थ्य के कारण उन्हें ए़डमिट किया गया है।

खराब तबीयत होने की वजह से कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा आज (16 फरवरी) उत्तर प्रदेश के चंदौली में भारत जोड़ो न्याय यात्रा में शामिल नहीं हो पाएंगी। प्रियंका गांधी ने ट्विटर पर कहा कि वह बीमार पड़ गई हैं और बेहतर होने पर यात्रा में शामिल होंगी।

प्रियंका गांधी ने ट्वीट कर कहा, ''मैं बड़े चाव से उत्तर प्रदेश में भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पहुंचने का इंतजार कर रही थी, लेकिन बीमारी की वजह से मुझे आज ही अस्पताल में भर्ती होना पड़ा। थोड़ा बेहतर होते ही मैं यात्रा में जुड़ूंगी। तब तक के लिए चंदौली-बनारस पहुंच रहे सभी यात्रियों, पूरी मेहनत से यात्रा की तैयारी में लगे उत्तर प्रदेश के मेरे सहयोगियों और प्यारे भाई को शुभकामनाएं देती हूं।''

भारत जोड़ो न्याय 16 फरवरी को वाराणसी के रास्ते यूपी में प्रवेश करेगी और फिर भदोही, प्रयागराज और प्रतापगढ़ होते हुए 19 फरवरी को अमेठी पहुंचेगी। 19 फरवरी को राहुल गांधी अमेठी लोकसभा क्षेत्र के गौरीगंज में एक जनसभा को संबोधित करेंगे। यात्रा अगले दिन रायबरेली पहुंचेगी जहां से यह लखनऊ के लिए आगे बढ़ेगी. 

यूपी में रायबरेली एकमात्र लोकसभा सीट है जिस पर कांग्रेस का कब्जा है। वर्तमान में, सोनिया गांधी इस निर्वाचन क्षेत्र से लोकसभा सांसद हैं। 2019 के लोकसभा चुनाव में राहुल गांधी केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी से अमेठी सीट हार गए थे।

Share this story