बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप टीम में किए दो बदलाव... जानें किन खिलाड़ियों की हुई टीम से छुट्टी
नई दिल्ली. बांग्लादेश ने T20 वर्ल्ड कप की अपनी 15 सदस्यीय टीम में दो बदलाव किए हैं. बल्लेबाज सौम्य सरकार और शोरिफुल इस्लाम की टीम में एंट्री हुई है जबकि सब्बीर रहमान और ऑलराउंडर सैफुद्दीन की टीम से छुट्टी कर दी गई है.
बाएं हाथ के बल्लेबाज सौम्य सरकार और लेफ्ट आर्म पेसर शोरिफुल पहले रिजर्व खिलाड़ियों की लिस्ट में शामिल थे.
सब्बीर रहमान और सैफुद्दीन को अब न्यूजीलैंड से सीधा बांग्लादेश लौटना होगा. ये दोनों खिलाड़ी न्यूजीलैंड दौरे पर T20 ट्राई सीरीज में बांग्लादेश टीम का हिस्सा थे. इस ट्राई सीरीज में तीसरी टीम पाकिस्तान की थी, जिसने फाइनल में मेजबान कीवी टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया.
टीम में बदलाव की डेडलाइन आज की है
बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपने बयान में कहा, ‘ सौम्य सरकार और शोरिफुल ने बल्लेबाज सब्बीर रहमान और ऑलराउंडर सैफुद्दीन की जगह ली है, जिन्हें पहले फाइनल 15 में शामिल किया गया था. विश्व कप के लिए मुख्य टीम की घोषणा 14 सितंबर को की गई थी.’ T20 वर्ल्ड कप में पहले राउंड में हिस्सा लेने वाली टीम के लिए आईसीसी ने 9 अक्टूबर तक की डेडलाइन दी थी जबकि सुपर 12 में खेलने वाली टीमों के पास अपने स्क्वॉड में बदलाव के लिए आखिरी तारीख 15 अक्टूबर है.
बांग्लादेश की T20 वर्ल्ड कप के लिए 15 सदस्यीय स्क्वॉड:
शाकिबअ अल हसन (कप्तान), नजमुल हुसैन शंटो, सौम्य सरकार, लिटन दास, अफिफ हुसैन, यासिर अली चौधरी, मुसादेक हुसैन, नुरुल हसन (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, तस्किन अहमद, मुस्ताफिजुर रहमान, हसन महमूद, शोरिफुल इस्लाम, नसुम अहमद और इबादत हुसैन.

