IND vs SL: श्रीलंका पर टूटी मुसीबत, मोहाली टेस्ट के बीच में चोट के चलते एक गेंदबाज हुआ कम

|
IND vs SL: श्रीलंका पर टूटी मुसीबत, मोहाली टेस्ट के बीच में चोट के चलते एक गेंदबाज हुआ कम

श्रीलंका की टीम मोहाली टेस्ट में मुश्किल में आ गई है.

दरअसल, उसके एक गेंदबाज लाहिरु कुमारा चोट के चलते अब इस टेस्ट मैच में गेंदबाजी करते नहीं दिखेंगे. लाहिरू को टेस्ट मैच के पहले दिन हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी, जिसके बाद उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा था. उम्मीद की जा रही थी कि वो दूसरे दिन टीम के लिए गेंदबाजी करते दिखेंगे. लेकिन, अब खबर है कि वो मोहाली टेस्ट में आगे गेंदबाजी करते नहीं दिखेंगे. उन्हें अपनी हैमस्ट्रिंग इंजरी (Hamstring Injury) से उबरने में करीब दो हफ्ते का वक्त लग सकता है. और, अगर ऐसा रहा तो लाहिरू भारत के खिलाफ दूसरा और आखिरी टेस्ट भी नहीं खेल सकते हैं.

लाहिरु कुमारा को चोट मोहाली टेस्ट के पहले दिन तीसरे सेशन के खेल में गेंदबाजी करते हुए लगी. चायकाल के बाद गेंदबाजी के लिए आए लाहिरु कुमारा पारी में अपना 11वां ओवर डाल रहे थे. उन्होंने इस ओवर की पहली पांच गेंदें बिना किसी परेशानी के निकाली, लेकिन आखिरी गेंद के लिए अपने रन-अप मार्क पर पहुंचते ही उन्हें पैर में कुछ तकलीफ महसूस हुई और वह रुक गए. लाहिरु ने अपने कप्तान दिमुथ करुणारत्ने से बात की और फिर उनसे सलाह लेकर ओवर को वहीं छोड़ दिया और वापस पवेलियन लौट गए. लाहिरु के जाने के बाद पार्ट टाइम स्पिनर चरित असालंका ने उनका ओवर खत्म किया.

दो हफ्ते लग सकते हैं चोट ठीक होने में

लाहिरु कुमारा का पहले दिन के खेल के बाद MRI स्कैन हुआ था, जिसमें उनकी हैमस्ट्रिंग इंजरी का पता चला. बताया जा रहा है कि उन्हें ठीक होने में कम से कम दो हफ्ते लगेंगे. इस सूरत में उनके दूसरे टेस्ट में भी खेलने के आसार कम हैं. लाहिरु श्रीलंका की टीम में मौजूद सबसे तेज गति के गेंदबाज हैं. पहले दिन वो मैच में लगातार 140 से 150 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार के करीब गेंदबाजी कर रहे थे. ऐसे में उनके चोटिल होने से ना सिर्फ एक गेंदबाज कम हुआ है. बल्कि बड़ा झटका भी लगा है.

मैदान से बाहर जाने से पहले किया था रोहित का शिकार

चोटिल होकर मैदान से बाहर जाने से पहले लाहिरु कुमारा ने 10.5 ओवर की गेंदबाजी में 52 रन देकर 1 विकेट झटका था. ये विकेट उन्होंने पहले दिन के पहले सेशन के खेल में रोहित शर्मा के तौर पर लिया था. ये मोहाली टेस्ट में भारत को लगा पहला झटका भी था.

Tags

Share this story

featured

Trending