IND vs WI: रोहित शर्मा ने छोड़ी ओपनिंग, एक फैसले से 3 खिलाड़ियों को मिला मौका
इस साल के टी20 विश्व कप की तैयारियों के लिए इंडियन क्रिकेट टीम जुट चुकी है और साल के अंत में ऑस्ट्रेलिया में होने वाले टूर्नामेंट की तैयारियों के लिए सही खिलाड़ियों की पहचान करने में जुटी है.
इस कड़ी में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी20 सीरीज में भारतीय टीम ने कुछ नए खिलाड़ियों को आजमा रही है, जबकि कुछ खिलाड़ियों को ज्यादा मौके देने की कोशिश कर रही है. इसी कोशिश टीम इंडिया के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने एक ऐसा बदलाव कर दिया, जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. सीरीज के आखिरी मैच में युवा ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ (Ruturaj Gaikwad) को मौका देने के लिए रोहित ने खुद अपनी बैटिंग पोजिशन में बदलाव कर दिया और खुद मिडिल ऑर्डर में बैटिंग के लिए उतरे.
टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज के खिलाफ इस सीरीज में पहले ही 2-0 की बढ़त हासिल करने के साथ कब्जा कर लिया था. ऐसे में आखिरी मैच में कुछ प्रयोग करने का मौका बना, तो टीम इंडिया इससे पीछे नहीं हटी. कप्तान रोहित और कोच राहुल द्रविड़ की जोड़ी ने बैटिंग ऑर्डर में उन खिलाड़ियों को मौका देने का फैसला किया, जिन्हें कम से कम खेलने के अवसर मिले और इसके चलते रोहित शर्मा की बैटिंग पोजिशन में भी बदलाव कर दिया गया.
ओपनिंग में इशान-ऋतुराज को एक और मौका
खराब फॉर्म से गुजर रहे युवा ओपनर इशान किशन को ड्रॉप करने के बजाए टीम इंडिया ने उन्हें आखिरी मैच के लिए भी बरकरार रखा और उनके साथ ओपनिंग के लिए ऋतुराज को उतारा, जो कोरोना संक्रमण के कारण वनडे सीरीज में खेलने से चूक गए थे. आईपीएल 2021 और घरेलू टूर्नामेटों में अपनी बल्लेबाजी का दम दिखाने वाले ऋतुराज को टीम इंडिया के साथ ज्यादा मौके नहीं मिले थे और ऐसे में उनके लिए ये अहम अवसर था. हालांकि, वह इस मौके का ज्यादा फायदा नहीं उठा पाए और सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए.
श्रेयस अय्यर को भी दिया चांस
इस मैच में टीम इंडिया नियमित नंबर 3 बल्लेबाज विराट कोहली के बिना उतरी. विराट को आखिरी मैच के लिए आराम दिया गया था और ऐसे में उनकी जगह श्रेयस अय्यर को टीम में शामिल किया गया. लेकिन चौंकाने वाली बात ये रही कि रोहित खुद तीसरे नंबर पर भी नहीं उतरे और श्रेयस को इस पोजिशन पर उतारा. श्रेयस पहले दो मैचों में नहीं खेल सके थे और ऐसे में उन्हें ज्यादा गेंदें खेलने का मौका देने के लिए तीसरे नंबर पर उतारा गया. इस एक फैसले के जरिए टीम इंडिया ने इशान किशन, ऋतुराज और श्रेयस को एक साथ अपनी काबिलियत साबित करने के मौके दे दिए.
लंबे समय बाद मिडिल ऑर्डर में रोहित
2013 में वनडे और टी20 में टीम इंडिया के नियमित ओपनर बनने के बाद संभवतः ये पहला मौका है, जबकि रोहित ओपनिंग या शीर्ष 3 में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे. पिछली बार रोहित शर्मा ने टी20 वर्ल्ड कप में न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले में ओपनिंग के बजाए तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी की थी. हालांकि वह उस रोल में सफल नहीं हुए थे.

