T20 World Cup 2022: टीम इंडिया की सबसे बड़ी कमजोरी, भारतीय क्रिकेट टीम ने करोड़ों प्रशंसकों का दिल तोड़, रोहित शर्मा कितने दोषी

|
T20 World Cup 2022: टीम इंडिया की सबसे बड़ी कमजोरी, भारतीय क्रिकेट टीम ने करोड़ों प्रशंसकों का दिल तोड़, रोहित शर्मा कितने दोषी

ICC टूर्नामेंटों के बड़े मैच में भारतीय टीम की हार का सिलसिला जारी है.T20 विश्वकप में इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली दस विकेट से हार करारी ने भारतीय क्रिकेट टीम के दुनियाभर में करोड़ों प्रशंसकों का दिल तोड़ दिया.

11 साल बाद आईसीसी खिताब जीतने का सपना भी चकनाचूर हो गया. इंग्लैंड ने भारत को चारों खाने चित्त करते हुए एलेक्स हेल्स और कप्तान जोस बटलर के नाबाद अर्धशतकों और पहले विकेट के लिये 170 रन की रिकॉर्ड अटूट साझेदारी की बदौलत दस विकेट से रौंदकर शान से टी20 विश्व कप के फाइनल में एंट्री ले ली. अब फाइनल में उसका मुकाबला पाकिस्तान से होगा.

भारत की ओर से हार्दिक पंड्या ने जरूर मैच में फिनिशर की भूमिका बखूबी निभाते हुए 33 गेंद में 63 रन बनाकर टीम को 168 रन के सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया. विराट कोहली ने फिफ्टी जरूर लगाई लेकिन उनके तेवर नजर नहीं आए. सूर्यकुमार यादव भी आज चमक नहीं बिखेर सके. जवाब में इंग्लैंड की एलेक्स हेल्स और कप्तान जोस बटलर की जोड़ी ने भारतीय गेंदबाजों की जमकर खबर ली. मैदान के चारों ओर शॉट लगाए. मोहम्मद शमी से लेकर अर्शदीप सिंह तक कोई भी गेंदबाज रंग में नजर नहीं आया.

भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने सेमीफाइनल में 10 विकेट की शर्मनाक हार के लिये अपने गेंदबाजों के खराब प्रदर्शन को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा कि हमारे दबाव में आ गए. इतना ही नहीं, रोहित शर्मा यहां तक कह गए कि ‘किसी को भी दबाव से निपटना नहीं सिखा सकते’. क्या हार के लिए केवल गेंदबाज ही जिम्मेदार हैं? आंकड़े तो कुछ और ही इशारा करते हैं.

रोहित शर्मा खुद अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए

कप्तान रोहित शर्मा पूरे टूर्नामेंट में खुद अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए. विश्वकप के 6 मैच में 19 की औसत से सिर्फ 116 रन ही वह बना सके हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 106 का रहा. आज के मैच में रोहित शर्मा खुद दबाव नहीं झेल पाए. उन्होंने 28 गेंद में 27 रन बनाए. दूसरी ओर इंग्लैंड के कप्तान बटलर ने 49 गेंद में नौ चौकों और तीन छक्कों की मदद से नाबाद 80 रन बनाकर टीम को फाइनल में पहुंचाया है. यहां तक कि पाकिस्तान के कप्तान बाबर आजम न्यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में शानदार पारी खेलकर फॉर्म में लौटे हैं. बड़े मैच का दबाव झेलने में काफी हद तक रोहित शर्मा नाकाम रहे और नतीजतन टीम इंडिया का विश्वकप का सपना टूट गया.

केएल राहुल ने 6 मैचों में बनाए सिर्फ 128 रन

अब एक नजर उपकप्तान केएल राहुल के आंकड़ों पर भी डाल लेते हैं. केएल राहुल 6 मैच में 21 की औसत से सिर्फ 128 रन ही इस टूर्नामेंट में बना पाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 121 का रहा. भारतीय टीम की सबसे बड़ी कमजोरी भारत की सलामी जोड़ी रही. दोनों पर ही टीम इंडिया को विश्कप दिलाने की सबसे बड़ी जिम्मेदारी थी, दोनों का ही प्रदर्शन बेहद औसत रहा.

कोहली ने किया वरिष्ठ खिलाड़ी के तरह व्यवहार

बात विराट कोहली की करें तो पाकिस्तान के खिलाफ मैच में उन्होंने लाजवाब प्रदर्शन किया था. आज के मैच में इंग्लैड के खिलाफ भी उन्होंने अर्धशतक जमाया लेकिन बल्ले के तेवर तीखे नजर आए. पाकिस्तान के मैच के बाद कोहली सिर्फ अपनी वरिष्ठता का चोला ओढ़े नजर आए. मैच जिताऊ पारी उसी दिन से उनके बल्ले से गायब नजर आईं. भारत की बल्लेबाजी का शीर्ष क्रम धराशायी होने के बाद सूर्यकुमार यादव पारी को संभालते रहे. सूर्यकुमार आज नहीं चले तो टीम इंडिया की बल्लेबाजी की कलई खुल गई.

Tags

Share this story

featured

Trending