टी20 विश्व कप: इंग्लैंड दूसरी बार बना वर्ल्ड चैंपियन, पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया

|
टी20 विश्व कप: इंग्लैंड दूसरी बार बना वर्ल्ड चैंपियन, पाकिस्तान को 5 विकेट से हराया

मेलबर्न। मलबर्न क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए टी20 विश्व कप के फाइनल मुकाबले में इंग्लैंड ने पाकिस्तान को हराकर खिताब जीत लिया है। इंग्लैंड का यह दूसरा टी20 वर्ल्ड कप है। इसी के साथ पाकिस्तान का वर्ल्ड कप जीतने का सपना टूट गया है। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओबर में 137 रन बनाए थे, जवाब में इंग्लैंड की टीम ने इस लक्ष्य को 19 ओवर में हासिल कर लिया। इंग्लैंड की तरफ से बेन स्टोक्स मैच विनर साबित हुए हैं उन्होंने 52 रनों की नाबाद पारी खेली।

इंग्लैंड ने खिताबी मैच में पहले गेंदबाजी करते हुए सैम करेन (12/3) की शानदार गेंदबाजी की मदद से पाकिस्तान को 137 रन पर रोक दिया था। टी20 चैंपियन बनने के लिए जॉस बटलर की टीम के सामने 138 रन का लक्ष्य था, जिसे उन्होंने एक ओवर शेष रहते हुए हासिल कर लिया। एकदिवसीय विश्व कप 2019 के फाइनल में इंग्लैंड की जीत के नायक रहे स्टोक्स ने इंग्लैंड को यह यादगार विजय दिलाने के लिए 49 गेंदों पर पांच चौकों और एक छक्के के साथ 52 रन बनाए।

इंग्लैंड ने लक्ष्य का पीछा करते हुए 45 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे और तब तक मैच पाकिस्तान की पकड़ में था। हैडिंग्ली और लॉर्ड्स के सूरमा स्टोक्स ने एक बार फिर अपनी टीम को संकट से निकालते हुए हैरी ब्रूक (20) के साथ 39 रनों की साझेदारी की, जबकि मोइन अली (19) के साथ 48 रन जोड़े। ब्रूक और मोइन के आउट होने के बाद भी स्टोक्स विकेट पर जमे रहे और उन्होंने 19वें ओवर में मोहम्मद वसीम जूनियर की गेंद पर विजयी रन बनाकर इंग्लैंड को दूसरी बार टी20 विश्व चैंपियन बना दिया।

इंग्लैंड ने अपना पहला टी20 विश्व कप 2010 में ऑस्ट्रेलिया को हराकर जीता था। बटलर, पॉल कॉलिंगवुड के बाद इंग्लैंड को टी20 विश्व कप जिताने वाले दूसरे कप्तान बन गए हैं। दूसरी ओर, पाकिस्तान अपना तीसरा फाइनल खेलते हुए दूसरा टी20 विश्व कप खिताब तलाश रही थी, लेकिन बाबर आज़म की टीम हारिस रऊफ (23/2) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन के बावजूद जीत की दहलीज को पार नहीं कर सकी।

शाहीन अफ़रीदी ने लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड को शुरुआती झटका देते हुए पहले ही ओवर में एलेक्स हेल्स को आउट कर दिया। कप्तान जॉस बटलर एक छक्के और तीन चौकों के साथ 26 रन बनाकर अच्छी लय में दिख रहे थे लेकिन हारिस ने उन्हें और फिलिप सॉल्ट को आउट करके इंग्लैंड की मुश्किलें बढ़ा दीं।

इंग्लैंड ने पावरप्ले में तीन विकेट गंवाकर 49 रन बनाए, जिसके बाद बेन स्टोक्स और हैरी ब्रूक 39 रन की साझेदारी करके टीम के लिए जीत को आसान बना रहे थे। पाकिस्तान को छोटे स्कोर की रक्षा करने के लिये विकेट की आवश्यकता थी। शादाब ने हैरी ब्रूक (20) को आउट करके पाकिस्तान को यह सफलता दिलाई, जबकि दूसरे गेंदबाजों ने रनों पर लगाम लगा दी। ब्रूक का कैच पकड़ने के प्रयास में हालांकि शाहीन के घुटने में चोट लग गई और वह कुछ देर के लिये मैदान से बाहर चले गए।

इंग्लैंड अगले नौ ओवरों में सिर्फ 38 रन बना सकी और उसे आखिरी पांच ओवरों में 41 रनों की आवश्यकता थी। कप्तान बाबर ने 16वां ओवर शाहीन को दिया, लेकिन वह घुटने की चोट के कारण एक ही गेंद फेंक सके और बाकी पांच गेंदें इफ्तिखार अहमद को फेंकने के लिए दी गईं। स्टोक्स ने इस ओवर में एक चौका और एक छक्का जड़कर मैच की लय बदल दी। मोइन अली ने अगले ओवर में मोहम्मद वसीम को तीन चौके जड़े जिससे मैच ने इंग्लैंड की ओर करवट ले ली।

वसीम ने 19वें ओवर की दूसरी गेंद पर मोइन को आउट कर दिया, लेकिन स्टोक्स ने इसी ओवर में चौका लगाकर इंग्लैंड की जीत सुनिश्चित की। इंग्लैंड और वेस्ट इंडीज के बीच खेले गए टी20 विश्व कप 2016 के फाइनल में स्टोक्स अपनी टीम के लिए आखिरी ओवर में 19 रनों की रक्षा नहीं कर सके थे और विंडीज ने खिताब जीत लिया था। स्टोक्स ने इस बार यहां इंग्लैंड को जीत तक पहुंचाकर अपनी चूक दुरुस्त कर ली।

Tags

Share this story

featured

Trending