रोमांचक मुकाबले में ज़िम्बाब्वे ने पाकिस्तान को 1 रन से हराया
ज़िम्बाब्वे ने सिकंदर रज़ा (25/3) की अगुवाई में गेंदबाजों के शानदार प्रदर्शन की बदौलत पाकिस्तान को T20 विश्व कप 2022 में गुरुवार को 1 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया। ज़िम्बाब्वे ने पल-पल बदलते सुपर-12 के रोमांचक मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए 130 रन बनाये, जबकि पाकिस्तान इसके जवाब में 8 विकेट के नुकसान पर 129 रन ही बना सकी। पाकिस्तान ने मोहम्मद वसीम जूनियर (24/4) और शादाब खान (23/3) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत ज़िम्बाब्वे को छोटे स्कोर पर रोक दिया था, लेकिन बल्लेबाजों के प्रदर्शन ने उन्हें निराश किया। पाकिस्तान के लिये शान मसूद ने 38 गेंदों पर 44 रन बनाये जबकि उन्हें किसी का साथ नहीं मिला।
बाबर आज़म की टीम को आखिरी ओवर में 11 रन की दरकार थी और मोहम्मद नवाज़ विकेट पर मौजूद थे। नवाज़ ने पहली गेंद पर 3 रन लिये लेकिन जब पाकिस्तान को 2 गेंदों में 3 रन चाहिये थे, तब नवाज़ आउट हो गये। शाहीन शाह अफरीदी ने आखिरी गेंद पर 2 रन लेकर मैच को टाई करवाना चाहा लेकिन रेजिस चकाब्वा ने उन्हें रनआउट कर दिया और ज़िम्बाब्वे ने यह मैच मात्र 1 रन से जीत लिया। ज़िम्बाब्वे ने ग्रुप-2 के मैच में टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनी और पावरप्ले में 2 विकेट के नुकसान पर 47 रन जोड़ लिये। ज़िम्बाब्वे एक अच्छी शुरुआत के दम पर बड़े स्कोर की तरफ अग्रसर थी लेकिन शादाब ने मध्य ओवरों में विकेट निकालकर रनगति पर लगाम लगा दी। उन्होंने मिल्टन शुम्बा और रेजिस चकब्वा के साथ-साथ ज़िम्बाब्वे के लिये सर्वाधिक रन बनाने वाले सीन विलियम्स (31) को भी आउट किया।
वसीम ने सिकंदर रज़ा को 9 रन पर आउट करके बड़ा स्कोर खड़ा करने की ज़िम्बाब्वे की आखिरी उम्मीद को समाप्त कर दिया। इसके अलावा उन्होंने सलामी बल्लेबाज वेस्ले माधेवेरे (17), ब्रैड इवान्स (19) एवं ल्यूक जॉन्ग्वे का विकेट भी लिया। पाकिस्तान ने मामूली लक्ष्य का पीछा करते हुए 36 रन पर ही 3 विकेट गंवा दिये। बाबर आज़म (04) और मोहम्मद रिज़वान (14) एक बार फिर असफल रहे जबकि पिछले मैच में अर्द्धशतक बनाने वाले इफ्तिखार अहमद भी 5 रन पर पवेलियन लौट गये। शान और शादाब ने पाकिस्तान को जीत की ओर ले जाते हुए 52 रन की साझेदारी की लेकिन सिकंदर ने 14वें ओवर में शादाब और हैदर अली को आउट करके मैच को रोमांचक बना दिया। अगले ही ओवर में शान भी आउट हो गये। नवाज़ ने सातवें विकेट के लिये वसीम के साथ 34 रन की साझेदारी की लेकिन अपनी टीम को जीत तक नहीं पहुंचा सके।
2 मैचों में दूसरी हार के साथ पाकिस्तान T20 विश्व कप से लगभग बाहर हो गयी है। ज़िम्बाब्वे ने पहला मैच बारिश में धुलने के बाद यह मैच जीतकर 3 पॉइंट के साथ ग्रुप-2 में तीसरा स्थान हासिल कर लिया है। दक्षिण अफ्रीका इतने ही अंकों के साथ दूसरे स्थान पर है जबकि 4 अंकों के साथ भारत पहले स्थान पर है।

