IND vs SL: 20 साल के दुनिथ वेल्लालागे के सामने बेबस दिखी टीम इंडिया
IND vs SL: श्रीलंका के ख़िलाफ़ भारत ने टॉस जीता और वैसी ही शुरुआत की जैसी उन्होंने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ की थी. एक समय भारत का स्कोर 11 ओवर में बिना किसी नुक़सान के 80 रन था जब युवा श्रीलंकाई क्रिकेटर को गेंद सौंपी गई.
पहले आप में से बहुत से लोगों ने दुनिथ वेल्लालागे का नाम नहीं सुना होगा लेकिन अब यह नाम हर जगह गूंज रहा है, क्योंकि मंगलवार रात भारत और श्रीलंका के बीच एशिया कप का अहम मुक़ाबला एक तरह से भारत और दुनिथ वेल्लालागे के बीच हुआ.
20 साल के दुनिथ वेल्लालागे ने अपनी पहली ही गेंद पर वो कर दिखाया जो श्रीलंका के अनुभवी गेंदबाज नहीं कर पाए थे. उन्होंने पाकिस्तान के ख़िलाफ़ अर्धशतक लगाने वाले इन फ़ॉर्म बल्लेबाज़ शुभमन गिल को ऐसे बोल्ड किया कि दूसरे छोर पर खड़े कप्तान रोहित शर्मा भी हैरान रह गए.
पाकिस्तान के विरुद्ध शतक लगाने वाले विराट कोहली ने किसी तरह ओवर की बाक़ी गेंदें खेलीं लेकिन दुनिथ वेल्लालागे ने अपने दूसरे ओवर की पांचवीं गेंद पर विराट को ग़लत शॉट खेलने के लिए मजबूर किया और कोहली ने मिड ऑन पर आसान कैच दे दिया, और उनसे ऐसे शॉट की किसी को उम्मीद नहीं थी.
इस बीच रोहित शर्मा अपना अर्धशतक पूरा कर चुके थे और भारत का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 90 रन हो गया था. लेकिन दुनिथ वेल्लालागे के जादू ने रोहित को भी अपनी चपेट में ले लिया, जो उनके तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर बोल्ड हो गए.
भारतीय टीम अचानक दबाव में आ गई. तब पाकिस्तान के ख़िलाफ़ शतक लगाने वाले बल्लेबाज़ केएल राहुल ने किसी तरह टीम को संभाला दिया, लेकिन वह भी 39 रन बनाकर उनकी गेंद पर कैच दे बैठे. यानी पहले 4 में से चार बल्लेबाज दुनिथ वेल्लालागे का शिकार बने.
इसके बाद असालंका ने इशान किशन को 33 रन पर आउट किया लेकिन दुनिथ वेल्लालागे ने उन्हें कैच आउट कर दिया. इसके बाद दुनिथ वेल्लालागे ने हार्दिक पंड्या को 5 रन पर विकेटकीपर मेंडेस के हाथों कैच कराकर अपना पांचवां विकेट हासिल किया.
जब दुनिथ वेल्लालागे के दस ओवर पूरे हुए तो भारत ने राहत की सांस ली. उन्होंने एक मेडन और 40 रन देकर पांच प्रमुख भारतीय बल्लेबाज़ों को आउट किया, इस के साथ ही वह वनडे में पांच विकेट लेने वाले सबसे कम उम्र के श्रीलंकाई खिलाड़ी भी बन गए.
पूर्व पाकिस्तानी क्रिकेटर शोएब अख़्तर के मुताबिक़, पूरी भारतीय टीम 213 रन पर आउट हो गई और फिर पाकिस्तानी प्रशंसकों ने कहना शुरू कर दिया कि भारत जानबूझकर पाकिस्तान की फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों पर पानी फेरने के लिए मैच हार रहा है.
भारत ने अपने कम स्कोर का बचाव करना शुरू कर दिया और उसे तीसरे ओवर की पहली ही गेंद पर सफलता मिल गई, जब जसप्रीत बुमराह ने पाथोन निसंका को 6 रन पर पवेलियन भेज दिया.
फिर उन्होंने विकेटकीपर-बल्लेबाज़ कुसल मेंडेस का विकेट लेकर श्रीलंका को बैकफ़ुट पर धकेल दिया. अगले ही ओवर में मोहम्मद सिराज ने दिमुख करुणारत्ने को 2 रन पर आउट कर स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 25 रन कर दिया.
99 रन पर जब श्रीलंका के 6 विकेट गिर चुके थे और हार के संकेत साफ़ दिख रहे थे कि नौजवान दुनिथ वेल्लालागे बल्लेबाज़ी करने आए और उन्होंने धीरे-धीरे भारतीय गेंदबाज़ों पर हावी होना शुरू कर दिया.
उन्होंने धनंजय डी सिल्वा के साथ 63 रनों की साझेदारी की.डी सिल्वा ने आक्रामक होने की कोशिश में अचानक ख़राब शॉट खेला और फिर श्रीलंकाई टीम संभल नहीं पाई. दूसरी छोर पर, दुनिथ वेल्लालागे श्रीलंका के लिए सर्वाधिक 42 रन बनाए विकेटों को गिरते देखते रहे और उनकी टीम 41 रनों से हार गई.

