IND vs WI: वेस्टइंडीज की वनडे टीम का ऐलान, 2 साल बाद लौटा धाकड़ बल्लेबाज
भारत और वेस्टइंडीज के बीच टेस्ट सीरीज का एक्शन खत्म हो गया है. पोर्ट ऑफ स्पेन में सोमवार 24 जुलाई को दूसरे टेस्ट के आखिरी दिन जमकर बारिश हुई, जिससे एक भी गेंद नहीं डाली जा सकी और मैच ड्रॉ पर खत्म हुआ.
टीम इंडिया ने कैरेबियाई जमीन पर एक और टेस्ट सीरीज अपने नाम की. सफेद जर्सी और लाल गेंद के बाद अब रंग-बिरंगे क्रिकेट की बारी है क्योंकि जल्द ही शुरू होने वाली है वनडे सीरीज. इसके लिए विंडीज बोर्ड ने अपनी टीम का ऐलान कर दिया है और एक धमाकेदार बल्लेबाज को फिर से मौका दिया है.
टेस्ट सीरीज के खत्म होने के बाद भारत और वेस्टइंडीज के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज खेली जाएगी, जिसकी शुरुआत 27 जुलाई से ब्रिजटाउन में पहले मैच के साथ होगी. टेस्ट से ज्यादा इस सीरीज पर सबकी नजरें होने की उम्मीद हैं. ऐसा इसलिए क्योंकि वेस्टइंडीज के वर्ल्ड कप क्वालिफिकेशन से चूकने के बाद ये उसकी पहली सीरीज है. ऐसे में हर कोई देखना चाहेगा कि क्या विंडीज टीम वापसी की क्षमता रखती है और वर्ल्ड कप की होस्ट भारत के खिलाफ मुकाबले से बेहतर क्या होगा.
इस सीरीज के लिए वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने 15 सदस्यों वाले स्क्वाड का ऐलान कर दिया. पोर्ट ऑफ स्पेन टेस्ट खत्म होने के कुछ ही देर बाद विंडीज बोर्ड ने सेलेक्शन कमेटी के फैसले को सार्वजनिक किया. विंडीज टीम की कमान शेई होप के हाथों में ही होगी, जिनके नेतृत्व में ही टीम क्वालिफाई नहीं कर पाई थी. फिर भी होप पर भरोसा बरकरार है.
विंडीज सेलेक्टर्स ने एक बड़ा फैसला लेते हुए बाएं हाथ के विस्फोटक बल्लेबाज शिमरॉन हेटमायर को फिर से टीम में जगह दी है. हेटमायर को वर्ल्ड कप क्वालिफायर्स के लिए नहीं चुना गया था जिसकी काफी आलोचना हुई थी. हेटमायर को 2 साल के बाद ODI और एक साल बाद किसी भी फॉर्मेट में फिर से चुना गया है.
West Indies name squad for CG United ODI Series powered by YES BANK
— Windies Cricket (@windiescricket) July 24, 2023
Full details here⬇️https://t.co/dlls8r9uZl pic.twitter.com/zGoHmgKACy
26 साल के हेटमायर का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ दमदार है. उन्होंने 12 वनडे मैचों में 500 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक, एक अर्धशतक है, जबकि 45 का औसत और 121 का जबरदस्त स्ट्राइक रेट है. हेटमायर के अलावा तेज गेंदबाज ओशेन थॉमस की भी वापसी हुई है.
वेस्टइंडीज का स्क्वाड
शेई होप (कप्तान), रोवमन पावेल (उप-कप्तान), एलिक एथनेज, यानिक कैरिया, कीसी कार्टी, डॉमिनिक ड्रेक्स, शिमरॉन हेटमायर, अल्जारी जोसफ, ब्रैंडन किंग, काइल मेयर्स, गुडकेश मोती, जेडन सील्स, रोमारियो शेफर्ड, केविन सिंक्लेयर, ओशेन थॉमस.

