IPL 2023, GT vs KKR: कोलकाता नाइट राइडर्स की बढ़ी ताकत, जुड़ा ये विस्फोटक बल्लेबाज, GT के लिए मुसीबत
New Delhi: IPL 2023 में गुजरात की टीम धमाकेदार खेल की नुमाइश कर रही है. यूं कह लें कि जहां इसने IPL 2022 में अपने खेल को छोड़ा था, वहीं से आगे खेलना शुरू किया है. यही वजह है कि अब तक खेले 2 में से 2 मैच ये जीत चुकी है. लेकिन, क्या आज हैट्रिक भी लगेगी? अहमदाबाद में मैच है तो फिर हार्दिक पंड्या एंड कंपनी के कहने ही क्या हैं?
पर इतने के बाद भी टेंशन में हैं गुजरात वाले? जानते हैं क्यों क्योंकि उनसे भिड़ने से पहले कोलकाता नाइट राइडर्स की ताकत बढ़ चुकी है. IPL 2023 में किए अब तक के प्रदर्शन पर जाएंगे तो गुजरात बीस दिखता है क्योंकि वो पिछले दोनों मैच जीत हैट्रिक लगाने की तैयारी में है. वहीं कोलकाता की टीम पिछले दो मैच में से एक जीती और एक हारी है. लेकिन, गुजरात टाइटंस के खिलाफ उतरने से पहले उसकी टीम से जेसन रॉय भी जुड़ चुके हैं, जो कि मुकाबला खेलते दिख सकते हैं.
अब जरा सोचिए हार ना मानने की इच्छाशक्ति रखने वाली इस टीम को अगर टॉप ऑर्डर में जब जेसन रॉय होंगे तो क्या होगा? केकेआर ने जेसन रॉय को 2.8 करोड़ रुपये में रिप्लेसमेंट प्लेयर के तौर पर खुद से जोड़ा है. उसकी ये डील अब कितनी खरी है, इसका पहला इम्तिहान गुजरात टाइटंस के खिलाफ अहमदाबाद में होता दिख सकता है.
इस सीजन से पहले भी जेसन KKR का हिस्सा रह चुके हैं और 13 IPL मैचों में 129 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट से 329 रन ठोक चुके हैं. IPL की पिच पर GT vs KKR जहां तक आपसी टक्कर की बात है तो इस सीजन में गुजरात और कोलकाता की ये पहली भिड़ंत होगी. वहीं IPL की पिच पर भी इससे पहले ये दोनों टीमें सिर्फ 1 बार ही टकराई हैं, जिसमें गुजरात टाइटंस ने कोलकाता को 8 रन से हराया था. राशिद खान vs कोलकाता की स्पिन तिकड़ी टीम की ताकत की बात करें तो दोनों ही तटऊपट नजर आती हैं.
लेकिन, जो असली मुकाबला दिख सकता है वो राशिद खान बनाम कोलकाता की स्पिन तिकड़ी के बीच हो सकता है. यहां कोलकाता की स्पिन तिकड़ी से मतलब RCB के खिलाफ 10 में से 9 विकेट मिलकर कबाड़ने वाले सुनील नरेन, वरुण चक्रवर्ती और सुयश शर्मा से है. गुजरात जीत की हैट्रिक चाहेगा और कोलकाता लगातार दूसरी जीत के साथ सिलसिले को बनाए रखना. ऐसे में ये मुकाबला जोरदार रहने की पूरी उम्मीद है. देखना ये है कि बढ़ी ताकत के साथ कोलकाता जीतता है या हार्दिक पंड्या वाला गुजरात अपना गढ़ बचाता है.

