IPL 2023: शीर्ष 4 में जगह बनाने उतरेगा कोलकाता, आज भिड़ेंगे कोलकाता नाइट राइडर्स-राजस्थान रॉयल्स
अभी केकेआर और राजस्थान रॉयल्स सहित चार टीमों के समान दस अंक हैं। अभी भले ही नेट रन रेट के आधार पर रॉयल्स की टीम आगे हो लेकिन यदि केकेआर इस मैच में जीत दर्ज करता है तो समीकरण भी बदल जाएंगे और नितीश राणा की अगुवाई वाली टीम शीर्ष चार टीम में जगह बना देगी। केकेआर की टीम जहां पिछले दोनों मैच में जीत से आत्मविश्वास से ओतप्रोत हैं वही पिछले सत्र का उपविजेता राजस्थान रॉयल्स लगातार तीन मैचों में हार से पस्त है। राजस्थान रॉयल्स की टीम अपनी गलत रणनीति के कारण 200 रन से अधिक के स्कोर का बचाव करने में नाकाम रही और अब वह करो या मरो की स्थिति में पहुंच गई है। केकेआर की टीम गेंदबाजी में सबसे वरुण चक्रवर्ती पर निर्भर रहेगी, जिन्होंने उसकी दोनों जीत में अहम भूमिका निभाई थी। सनराइजर्स के खिलाफ जहां चक्रवर्ती ने अंतिम ओवर में नौ रन का सफलतापूर्वक बचाव किया वहीं पंजाब के खिलाफ उनकी गेंदबाजी ने अंतर पैदा किया।

