टीम इंडिया को मिला एक और कप्तान, भारत के 11वें T20 कप्तान बनेंगे जसप्रीत बुमराह
शुक्रवार 18 अगस्त को जब भारतीय क्रिकेट टीम आयरलैंड के खिलाफ खेली जाने वाली 3 मैचों की T20 इंटरनेशनल सीरीज में उतरेगी तो टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के नाम एक बड़ी उपलब्धि दर्ज होगी।
जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम के कप्तान होंगे। पहली बार वे T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तानी करते नजर आएंगे और वे इस फॉर्मेट में देश के 11वें कप्तान होंगे। बीसीसीआई ने आयरलैंड के खिलाफ टीम का ऐलान किया था तो जसप्रीत बुमराह को कप्तानी सौंपी थी, जो लंबे समय के बाद चोट से उबरकर इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी कर रहे हैं।
जसप्रीत बुमराह से पहले 10 खिलाड़ी भारतीय टीम के कप्तान रहे हैं। भारतीय टीम की कप्तानी T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में सबसे पहले वीरेंद्र सहवाग ने की थी। उन्होंने 2006 में टीम की कमान संभाली थी और जीत दिलाई थी। हालांकि, एक ही मैच में उनको कप्तानी करने का मौका मिला था। इसके बाद टीम के कप्तान एमएस धोनी बने, जिन्होंने 72 मैचों में टीम की कप्तानी की। सुरेश रैना भारतीय क्रिकेट टीम के तीसरे टी20आई कप्तान थे। वे 3 मैचों में टीम का नेतृत्व कर पाए और तीनों मैचों में उन्होंने भारतीय टीम को जीत दिलाने का काम किया था।
भारत के चौथे कप्तान अजिंक्य रहाणे थे। वे 2 मैचों में टीम के कप्तान रहे। इसके बाद विराट कोहली को T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में कप्तानी मिली और वे 50 मैचों में भारत की कप्तानी करने में सफल हुए। 50 में से 30 मैच भारत ने जीते। वहीं, रोहित शर्मा छठे कप्तान भारत के थे और वे 51 में से 39 मैच जीत चुके हैं। सातवें नंबर पर शिखर धवन का नाम है, जबकि आठवें नंबर पर ऋषभ पंत टीम के कप्तान थे। 9वें नंबर पर हार्दिक पांड्या और 10वें नंबर पर केएल राहुल का नाम है। हालांकि, 10 या उससे ज्यादा मैचों के बाद रोहित का विनिंग पर्सेंटेज सबसे ज्यादा है।
भारत के T20 कप्तान
वीरेंद्र सहवाग
एमएस धोनी
सुरेश रैना
अजिंक्य रहाणे
विराट कोहली
रोहित शर्मा
शिखर धवन
ऋषभ पंत
हार्दिक पांड्या
केएल राहुल

