फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तन्मय अग्रवाल ने 147 गेंदों में ठोका तिहरा शतक, बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड

|
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में तन्मय अग्रवाल ने 147 गेंदों में ठोका तिहरा शतक, बना दिया वर्ल्ड रिकॉर्ड

टेस्ट मैच के दौरान हैदराबाद के ही एक खिलाड़ी ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में सबसे तेज तिहरा शतक जड़कर एक नया वर्ल्ड रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। एक तरफ हैदराबाद के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत बनाम इंग्लैंड टेस्ट मैच खेला जा रहा था। उसी हैदराबाद के नेक्सजेन क्रिकेट ग्राउंड में रणजी ट्रॉफी का मैच मेजबान हैदराबाद और आंध्र प्रदेश के बीच खेला जा रहा था। इस मैच में हैदराबाद के बल्लेबाज तन्मय अग्रवाल ने इतिहास रच दिया।

तन्मय अग्रवाल ने पहले तो 119 गेंदों में रणजी ट्रॉफी के इतिहास का सबसे तेज दोहरा शतक जड़ने का रिकॉर्ड बनाया और जल्द ही इसे तिहरे शतक में तब्दील कर एक नया विश्व रिकॉर्ड कायम कर दिया। तन्मय अग्रवाल ने आंध्र प्रदेश के खिलाफ 147 गेंदों में तिहरा शतक पूरा कर विश्व रिकॉर्ड कायम किया। तनमय अग्रवाल से पहले प्रथम श्रेणी क्रिकेट में सबसे तेज तिहरा शतक जड़ने का विश्व रिकॉर्ड मार्को मौरिस के नाम दर्ज था।

मार्को मौरिस ने 191 गेंदों में ये कमाल किया था, लेकिन तनमय अग्रवाल ने महज 147 गेंदों में 200 से भी ज्यादा के स्ट्राइक रेट से तिहरा शतक पूरा किया। वे इस मैच में वनडे या टी20 नहीं, बल्कि टी10 क्रिकेट मैच की तरह खेले और आंध्र प्रदेश के गेंदबाजों पर बरसते नजर आए।

तन्मय अग्रवाल ने अपने तिहरे शतक तक 20 छक्के जड़े। तन्मय अग्रवाल ने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक 160 गेंदों में 33 चौके और 21 छक्कों की मदद से 323 रन बनाए हैं और वे अभी नाबाद हैं। उनका स्ट्राइक रेट अभी 201.88 का है। अगर वे अपने इस तिहरे शतक को 400 रनों में तब्दील करने में सफल हो जाते हैं तो उन चुनिंदा बल्लेबाजों में शामिल हो जाएंगे, जिन्होंने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 400 या इससे ज्यादा रन बनाए हैं। भारत का कोई भी बल्लेबाज प्रथम श्रेणी क्रिकेट में इस उपलब्धि तक नहीं पहुंचा है। सबसे बड़ा स्कोर पृथ्वी शॉ का है। उन्होंने 379 रन असम के खिलाफ 2023 में बनाए थे।

Tags

Share this story

featured

Trending