Womens T20 World Cup: भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया

|
Womens T20 World Cup: भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया

Womens T20 World Cup: टी20 वर्ल्ड कप में भारत ने ऋचा घोष और जेमिमा रोड्रिग्स की शानदार बल्लेबाज़ी की बदौलत पाकिस्तान को सात विकेट से हराया. पाकिस्तान ने जीत के लिए 150 रन का लक्ष्य रखा था.

ऋचा घोष ने 20 गेदों में पांच चौके की मदद से नाबाद 31 रन बनाए वहीं जेमिमा रोड्रिग्स ने 38 गेंदों पर 53 रनों की पारी खेली. दोनों ने चौथे विकेट के लिए नाबाद 58 रनों की साझेदारी निभाई और भारत को जीत दिलाई.

पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाज़ी करते हुए 20 ओवर में कप्तान बिस्माह मारूफ़ की शानदार अर्धशतकीय पारी की बदौलत चार विकेट पर 149 रन बनाए. बिस्माह मारूफ़ ने अंत तक आउट हुए बग़ैर 55 गेंदों पर 68 रन की पारी खेली. यह भारत के ख़िलाफ़ मारूफ़ का दूसरा अर्धशतक है.

टी20 महिला वर्ल्ड कप पाकिस्तान ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाज़ी का फ़ैसला किया. पाकिस्तान की ओर से मुनीबा और जावेरिया ने पारी की शुरुआत की.

भारतीय गेंदबाज़ी की शुरुआत रेणुका ठाकुर ने की और पहले ओवर में केवल तीन रन बनने दिए. हरमनप्रीत सिंह ने अगला ओवर दीप्ति शर्मा को थमाया और दूसरे गेंद पर ही जावेरिया ने रिवर्स स्वीप के साथ चौका जड़ दिया.

दीप्ति के इस पहले ओवर की शुरुआती तीन गेंदों पर सात रन बन गए. लेकिन दीप्ति अपनी अगली गेंद पर जावेरिया को छकाने में कामयाब रहीं. यह गेंद जावेरिया के बल्ले से लग कर शॉर्ट फाइन लेग पर गई और कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कोई चूक नहीं की. पाकिस्तान ने अपना पहला विकेट 10 रन के योग पर गंवाया.

इसके बाद पिच पर पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मारूफ़ आईं और उन्होंने दीप्ति के अगले (दूसरे) ओवर में लगातार दो चौके जड़ कर धीमी हो गई रन गति को 6 के औसत पर पहुंचाया. दीप्ति के इस ओवर में 10 रन बने.

चार ओवरों के बाद भारतीय कप्तान ने अपनी अनुभवी बाएं हाथ की स्पिनर राजेश्वरी गायकवाड़ को बुलाया. लेकिन पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मारूफ़ ने इस ओवर में भी रन गति को बढ़ाने का सिलसिला जारी रखा और एक चौका समेत पाकिस्तान ने सात रन बटोरे. छठे ओवर में पाकिस्तान ने फिर आठ रन जोड़े. इसके साथ ही पावर प्ले के छह ओवरों में पाकिस्तान ने एक विकेट पर 39 रन बनाए.

कप्तान हरमनप्रीत कौर ने सातवां ओवर बाएं हाथ की स्पिनर राधा यादव को थमाया. इस ओवर की पांचवी गेंद को पाकिस्तान की ओपनर विकेटकीपर मुनीबा अली आगे बढ़ कर शॉट लगाना चाहती थीं लेकिन राधा यादव ने अपनी फिरकी से उन्हें छका दिया और गेंद सीधे विकेटकीपर ऋचा घोष के ग्लव्स में गई और उन्होंने विकेट चटकाने में कोई ग़लती नहीं की. मुनीबा अली ने 14 गेंद पर 12 रन बनाए और पाकिस्तान का दूसरा विकेट 42 रन के योग पर गिरा.

अगले ओवर में पूजा वस्त्राकर गेंदबाज़ी करने आईं. इस ओवर की तीसरी गेंद पर उनके सामने थीं पाकिस्तान की मध्यक्रम की अनुभवी बल्लेबाज़ और ऑलराउंडर निदा डार.

निदा अभी अभी पिच पर आई थीं और इस मैच में केवल दूसरे गेंद का सामना कर रही थीं. पूजा वस्त्राकर ने इस गेंद को बाउंस किया जिसे निदा डार ने पुल करना चाहा लेकिन गेंद उनके बल्ले को छू कर विकेट के पीछे चली गई.

हालांकि भारतीय टीम की अपील पर अंपायर ने आउट नहीं दिया. भारतीय कप्तान ने रिव्यू लिया और अल्ट्रा एज़ में दो बार स्पाइक दिखा. गेंद उनके बल्ले और ग्ल्वस से लग कर पीछे गई दिख रही थी. लिहाजा थर्ड अंपायर ने निदा डार को आउट दे दिया.

निदा डार के आउट होने के बाद पाकिस्तान की रन गति धीमी पड़ गई. पाकिस्तान ने 9 ओवर तक 50 रन. 10 ओवर तक 58 रन और फिर 11वें ओवर तक 61 रन पूरे किए. 12वीं ओवर की आखिरी गेंद पर कप्तान बिस्माह मारूफ़ ने चौका लगाया लेकिन अगले ओवर की पहली गेंद पर ही सिद्रा अमीन राधा यादव की गेंद पर आउट हो गईं. पाकिस्तान का चौथा विकेट 68 रन पर आउट हुआ.

इसके बाद आएशा नसीम पिच पर आईं और 16वें ओवर में उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी की बदौलत पाकिस्तान ने 18 रन बटोरे. इसके बाद पाकिस्तान की कप्तान बिस्माह मारूफ़ ने अपना अर्धशतक पूरा किया और दोनों बल्लेबाज़ों ने पांचवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी भी निभाई.

Tags

Share this story

featured

Trending