भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने कोर्ट में किया सरेंडर, जानें किया है मामला, अक्षरा सिंह को देखने के लिए लगी भीड़
Begusarai: भोजपुरी फिल्मों की गायिका और अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने मंगलवार को बेगूसराय जिला न्यायालय में न्यायिक दंडाधिकारी ओम प्रकाश की अदालत में आत्मसमर्पण किया, अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने अपने खिलाफ दर्ज परिवाद पत्र संख्या 2006/2023 के तहत न्यायालय में पेश होकर जमानत याचिका दाखिल की। सुनवाई के बाद अदालत ने उन्हें ₹10,000 के निजी मुचलके पर जमानत दे दी।
अभिनेत्री अक्षरा सिंह के कोर्ट में सरेंडर की खबर फैलते ही न्यायालय परिसर में भारी भीड़ उमड़ पड़ी। लोग उनकी एक झलक पाने के लिए बेताब नजर आए। हालांकि, सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों के बीच अक्षरा सिंह ने न्यायालय में आत्मसमर्पण किया।
यह पूरा विवाद 24 अक्टूबर 2023 को समस्तीपुर के सिंहिया में आयोजित एक सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ा है, जहां अभिनेत्री अक्षरा सिंह को प्रस्तुति देनी थी। कार्यक्रम के आयोजक गायक शिवेश मिश्रा ने आरोप लगाया था कि अक्षरा सिंह ने निर्धारित समय से काफी कम महज आधे घंटे की प्रस्तुति दी और उसके बाद मंच से उतर गईं। आयोजक का यह भी आरोप है कि मंच छोड़ने से पहले अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने कार्यक्रम में उपयोग हो रहे माइक को कथित तौर पर क्षतिग्रस्त भी कर दिया।
इस घटना के बाद आयोजक ने इसे धोखाधड़ी मानते हुए अदालत में एक परिवाद पत्र दायर किया। इसमें उन्होंने अक्षरा सिंह के साथ-साथ उनके पिता विपिन सिंह को भी आरोपित किया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए दोनों के खिलाफ समन जारी करते हुए कोर्ट में उपस्थित होने का निर्देश दिया था।
इस मामले में अभिनेत्री अक्षरा सिंह और उनके पिता विपिन सिंह पर भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 406 (ग़बन व विश्वासघात), धारा 427 (संपत्ति को क्षति पहुंचाना) और धारा 34 (सामूहिक आपराधिक मंशा) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। इन धाराओं के तहत दोष सिद्ध होने पर सजा व जुर्माने का प्रावधान है।
हालांकि, अभिनेत्री अक्षरा सिंह पूरे समय शांत रहीं और सीधे कोर्टरूम में जाकर आत्मसमर्पण की प्रक्रिया पूरी की। सुनवाई के बाद कोर्ट ने उन्हें जमानत दे दी। बाहर निकलने के दौरान अभिनेत्री अक्षरा सिंह ने मीडिया से कोई बातचीत नहीं की और तेजी से गाड़ी में बैठकर रवाना हो गईं।

