CM नीतीश कुमार ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर अर्पित की श्रद्धांजलि

Mahatma Gandhi Death Anniversary: महात्मा गांधी की पुण्यतिथि के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। गुरुवार को पटना के गांधी घाट पर आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और भारतीय स्वतंत्रता संग्राम के अन्य वीरों को नमन किया। इस मौके पर उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, विधानसभा अध्यक्ष नंद किशोर यादव, मंत्री अशोक चौधरी और अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद रहे। महात्मा गांधी, जिन्हें बापू के नाम से भी जाना जाता है, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के प्रमुख नेता थे। उनके अहिंसा और सत्य के सिद्धांतों ने न केवल भारत को आजादी दिलाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि पूरी दुनिया को प्रेरणा दी।
शहीद जवानों के लिए रखा गया 2 मिनट का मौन
बता दें कि महात्मा गांधी की पुण्यतिथि गांधी घाट पर पुण्यतिथि समारोह का आयोजन किया गया था. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के अलावा महात्मा गांधी को श्रद्धा सुमन अर्पित करने वालों में विधानसभा अध्यक्ष नंदकिशोर यादव, उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा, मंत्री अशोक कुमार चौधरी उनके साथ कार्यक्रम में मौजूद रहे. इस दौरान देश के शहीदों के लिए 2 मिनट का मौन रखा गया.
प्रधानमंत्री मोदी ने गांधी की पुण्यतिथि पर किया याद
वहीं महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें स्मरण किया। सोशल मीडिया पर लिखे एक संदेश में कहा कि पूज्य बापू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि। उनके आदर्श हमें एक विकसित भारत बनाने के लिए प्रेरित करते हैं। मैं हमारे देश के लिए शहीद हुए सभी लोगों को भी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूँ और उनकी सेवा और बलिदान को याद करता हूँ। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महात्मा गांधी की पुण्यतिथि पर राजघाट जाकर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की। इस दौरान केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और तीनों सेनाओं के प्रमुख तथा चीफ, डिफेंस स्टाफ भी मौजूद रहे।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बापू को किया नमन
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बापू को याद करते हुए एक्स पर लिखा, “सत्य, अहिंसा और अन्याय के खिलाफ संघर्ष के भारतीय मूल्यों को पूरी दुनिया में लोकप्रिय बनाने वाले, भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के अग्रणी पुरुष महात्मा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर कृतज्ञ राष्ट्र की ओर से वंदन करता हूं। महात्मा गांधी जी ने देश को एकता के सूत्र में बांधकर आजादी के आंदोलन को मजबूती दी। स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और ग्रामीण भारत को सशक्त बनाने की दिशा में उनके विचार देशवासियों को प्रेरित करते रहेंगे।”
नाथूराम गोडसे ने के थी हत्या
नाथूराम गोडसे ने 30 जनवरी 1948 को महात्मा गांधी की हत्या कर दी थी। नाथूराम गोडसे ने बापू को उस समय गोली मारी थी जब वह प्रार्थना सभा में उपस्थित थे। महात्मा गांधी के योगदान को न केवल भारत में बल्कि पूरी दुनिया में याद किया जाता है।