Bihar News: नीतीश सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' की शुरू, मिलेंगे 10 हजार रुपये....

|
Bihar News: नीतीश सरकार ने महिला सशक्तिकरण के लिए 'मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना' की शुरू, मिलेंगे 10 हजार रुपये....

Patna: बिहार में विधानसभा चुनाव से पहले सीएम नीतीश कुमार की अगुवाई वाली एनडीए सरकार ने सबसे बड़ा मास्टरस्ट्रोक खेल दिया है. बिहार की 2 करोड़ 70 लाख से ज्यादा महिलाओं को सरकार सितंबर महीने में 10- 10 हजार रुपए की मदद देगी. सरकार ने कहा है कि महिलाओं को सिर्फ 10 हजार ही नहीं बल्कि 2 लाख रुपए तक की मदद दी जाएगी.

सीएम नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट कर लिखा कि हम लोगों ने नवम्बर, 2005 में सरकार बनने के बाद से ही महिला सशक्तीकरण के लिए बड़े पैमाने पर काम किया है। महिलाओं को सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं।

अब महिलाएं अपनी मेहनत से न केवल बिहार की प्रगति में अपना योगदान दे रही हैं बल्कि वे अपने परिवारों की आर्थिक स्थिति को भी मजबूत कर रही हैं। इसी मिशन को आगे बढ़ाते हुए हम लोगों ने महिलाओं के हित में अब एक महत्वपूर्ण एवं अभूतपूर्व निर्णय लिया है जिसके सकारात्मक दूरगामी परिणाम होंगे।

हमारी सरकार ने आज कैबिनेट की बैठक में महिलाओं के रोजगार के लिए एक नई योजना ’मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना’ की स्वीकृति दी है। इस योजना का मुख्य लक्ष्य राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है।

1. आर्थिक सहायता के रूप में सभी परिवारों की एक महिला को अपनी पसंद के रोजगार हेतु 10 हजार रुपए की राशि प्रथम किस्त के रूप में दी जाएगी।

2. इच्छुक महिलाओं से आवेदन प्राप्त करने की प्रक्रिया शीघ्र शुरू की जाएगी। इसकी पूरी व्यवस्था एवं प्रक्रिया का निर्धारण ग्रामीण विकास विभाग के द्वारा किया जाएगा एवं इसके लिए नगर विकास एवं आवास विभाग का भी आवश्यकतानुसार सहयोग लिया जाएगा।

3. सितम्बर, 2025 से ही महिलाओं के बैंक खाते में राशि का हस्तांतरण प्रारंभ कर दिया जाएगा।

4. महिलाओं द्वारा रोजगार शुरू करने के 6 माह के बाद आकलन करते हुए 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त सहायता आवश्यकतानुसार दी जा सकेगी।

5. राज्य में गांवों से लेकर शहर तक महिलाओं के उत्पादों की बिक्री के लिए हाट बाजार विकसित किए जाएंगे। मुझे विश्वास है कि इस योजना के क्रियान्वयन से न सिर्फ महिलाओं की स्थिति और ज्यादा मजबूत होगी बल्कि राज्य के अंदर ही रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे तथा लोगों को रोजगार के लिए राज्य से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

आज कैबिनेट की बैठक में मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना को मंजूरी दी गई है. इस योजना का मुख्य लक्ष्य राज्य के सभी परिवारों की एक महिला को उनकी पसंद का रोजगार शुरू करने के लिए आर्थिक सहायता देना है. इस योजना से न केवल महिलाए आत्मनिर्भर बनेंगी बल्कि वो अपने परिवार और समाज की प्रगति में अहम भागीदारी भी निभा पाएंगी.

सभी परिवारों की एक महिला को अपनी पसंद के रोजगार के लिए 10 हजार रुपए की राशि पहली किस्त के रूप में जारी की जाएगी. इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया को जल्दी ही शुरू किया जाएगा. इसकी पूरी व्यवस्था और प्रक्रिया का निर्धारण ग्रामीण विकास विभाग की तरफ से किया जाएगा. नगर विकास और आवास विभाग का इसके लिए सहयोग करेगा.

महिलाएं जब रोजगार शुरू करेंगी उसके 6 महीने बाद रोजगार का आकलन किया जाएगा. आवश्यकता के अनुसार 2 लाख रुपए तक की अतिरिक्त राशि दी जाएगी. राज्य में गांवों से लेकर शहर तक महिलाओं के प्रोडक्ट्स को बेचने के लिए हाट बाजार विकसित किए जाएंगे.

यह लाभ महिलाओं को रोजगार करने के लिए दिया जायेगा, ताकि पूरे परिवार की आमदनी बढे तथा उनके जीवन स्तर में सुधार हो सके। इससे जहाँ एक तरफ बड़ी संख्या में रोजगार सृजित होगा।

Tags

Share this story

featured

Trending