Bihar News: सहरसा में पिता की अंतिम यात्रा में शामिल बेटे की सड़क हादसे में मौत, घर में मचा कोहराम
Saharsa: बिहार के जिला सहरसा में सौरबाजार थाना क्षेत्र के सुहथ पंचायत अंतर्गत अर्रंहा वार्ड-4 में एक हादसा हुआ है। जहाँ पिता की मौत के बाद शव यात्रा में शामिल बेटा पैदल शमशान की ओर जा रहा था, तभी एक अज्ञात बाइक सवार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। जिसके बाद इलाज के दौरान उस व्यक्ति की मौत हो गई।
मृतक की पहचान 50 वर्षीय रामचलीतर साह के रूप में हुई है। वे 3 भाइयों में सबसे बड़े थे और मजदूरी करके 4 बच्चो का पालन-पोषण करते थे। परिजन अनिल कुमार ने बताया है कि 75 वर्षीय पिता घूरण साह की लंबी बीमारी के बाद मौत हो गई थी। उनकी शव यात्रा बैजनाथपुर-सोनबरसा मुख्य मार्ग से गुजर रही थी। घर से महज 700 मीटर दूर अज्ञात बाइक सवार ने पैदल जा रहे रामचलीतर को जोरदार टक्कर मार दी और मौके से फरार हो गया।
घायल रामचलीतर को पहले सौरबाजार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। वहां से सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया, जहां इलाज के दौरान घायल रामचलीतर की मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। सौरबाजार थानाध्यक्ष अजय पासवान ने बताया है कि अज्ञात बाइक की टक्कर से मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। जिसे परिजनों को सौंप दिया जाएगा और अज्ञात बाइक चालक की तलाश की जा रही है।

