CM नीतीश का आज पटना में आयोजित कार्यक्रम स्थगित, सेहत ठीक नहीं, जल्द ही निर्धारित होगी नई तिथि
Patna: मुख्यमंत्री श्री नीतीश कुमार की आज पटना में आयोजित योजनाओं का शिलान्यास / कार्यारंभ कार्यक्रम अपरिहार्य कारणवश स्थगित कर दिया गया है। शिलान्यास / कार्यारंभ कार्यक्रम की नई तिथि शीघ्र ही निर्धारित की जायेगी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की तबीयत अचानक खराब हो जाने के कारण रविवार को पटना में आयोजित सभी कार्यक्रमों को स्थगित कर दिया गया है। मुख्यमंत्री आज राजधानी पटना के 6 स्थानों पर करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं का शिलान्यास और कार्यारंभ करने वाले थे।
इन योजनाओं में सबसे महत्वपूर्ण योजना 328.52 करोड़ रुपये की बिजली आधुनिकीकरण परियोजना है। इस परियोजना के तहत शहर के लगभग 600 किलोमीटर से अधिक बिजली तारों को भूमिगत किया जाएगा, जिससे शहर में बिजली आपूर्ति अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित हो सकेगी। इसके साथ ही चार नए विद्युत उपकेंद्रों का भी निर्माण किया जाना है।
कार्यक्रम का आयोजन डाकबंगला चौराहा पर होना था। पहले चरण में डाकबंगला, फ्रेजर रोड, पटना जंक्शन, गांधी मैदान, एसपी वर्मा रोड, जमाल रोड और एग्जीबिशन रोड जैसे प्रमुख इलाकों में भूमिगत बिजली व्यवस्था का कार्य किया जाएगा। यह परियोजना 2 वर्षों में पूरी की जाएगी। इसके साथ ही अन्य योजनाओं का भी शिलान्यास शामिल था।

