पटना में परिचारी संघ के लोगों ने जदयू कार्यालय का किया घेराव, गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, पुलिस ने किया लाठी चार्ज

|
पटना में परिचारी संघ के लोगों ने जदयू कार्यालय का किया घेराव, गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश की, पुलिस ने किया लाठी चार्ज

Patna: बिहार की राजधानी पटना में  मंगलवार को बिहार राज्य परिचारी संघ के सदस्यों ने जदयू कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। बहाली प्रक्रिया को लेकर लंबे समय से नाराज चल रहे परिचारियों ने थाली पीटकर और सड़क जाम कर अपना विरोध दर्ज कराया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि 2024 में परीक्षा तो कराई गई, लेकिन अब तक उसका पूरा परिणाम जारी नहीं किया गया। सरकार ने केवल 10–20 लोगों का रिज़ल्ट दिखाकर शेष अभ्यर्थियों को असमंजस में छोड़ दिया है।

जानकारी के अनुसार, जदयू कार्यालय के बाहर भारी बवाल देखने को मिला। जदयू कार्यालय के बाहर भारी संख्या में प्रदर्शनकारी पहुंचे और गेट तोड़कर अंदर घुसने की कोशिश करने लगे। इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। वर्षों से बहाली की मांग पूरी नहीं होने पर परिचारक अभ्यर्थियों ने पटना स्थित जदयू कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन किया। 

वहीं, अभ्यर्थियों का आरोप है कि सरकार उनकी अनदेखी कर रही है और अब तक नियुक्ति नहीं दी गई है। करीब 12,000 अभ्यर्थियों की बहाली लंबित है। नाराज प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि अगर जल्द ही उनकी मांगों पर सुनवाई नहीं हुई तो वे आंदोलन को और तेज करेंगे। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को कार्यालय के अंदर जाने से रोकने की कोशिश की। हालांकि अभ्यर्थी अपनी मांग पर अड़े रहे और सरकार से त्वरित कार्रवाई की अपील की।

स्थिति तब और बिगड़ गई जब एक प्रदर्शनकारी युवक को पुलिस ने भीड़ से खींच लिया और गाड़ी में बैठाने की कोशिश की। युवक के विरोध करने पर पुलिस ने उसकी आंख में स्प्रे कर दिया, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। इस दृश्य से प्रदर्शनकारियों में और आक्रोश हो गया।

परिचारी संघ के नेताओं का कहना है कि वे 2012 से सेवा दे रहे है, लेकिन आज तक न उन्हें स्थायी किया गया और न ही नियमित वेतन दिया गया। बार-बार आश्वासन मिलने के बावजूद सरकार ने उनकी मांगों को अनसुना किया है। प्रदर्शनकारियों ने कहा कि वे मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से सीधे बात करना चाहते थे।

Tags

Share this story

featured

Trending