मुजफ्फरपुर में हाईटेंशन तार की चपेट में आने से जिंदा जले ट्रैक्टर सवार 2 युवक
Muzaffarpur: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के सकरा थाना क्षेत्र के वाजिद गांव में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। मिट्टी लाने जा रही ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन पलट गया और उसमें भीषण आग लग गई। इस घटना में ट्रैक्टर सवार 2 युवकों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रैक्टर तुलसी मोहनपुर की ओर जा रहा था, तभी रास्ते में किसी गाड़ी को साइड देने के दौरान वह अनियंत्रित होकर सड़क किनारे हाईटेंशन पोल से टकरा गया। टक्कर से पोल पर लगा हाईटेंशन तार टूटकर पोल से चिपक गया, जिससे पूरे पोल में करंट फैल गया और ट्रैक्टर में आग लग गई।
इस हादसे में ट्रैक्टर पर सवार 2 युवक जिंदा जल गए। मृतकों की पहचान राहुल कुमार भठंडी गांव निवासी अशोक राय के बेटे राहुल कुमार और सुरेश राय के बेटे रोहित कुमार के रुप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। वहीं युवकों की मौत की खबर सुनते ही परिवार में कोहराम मच गया, मृतकों के परिजनों को इस खबर के बाद गहरा सदमा लगा है।

