सीएम मोहन ने कहा- वैदिक घड़ी से बढ़ेगा दुनिया में MP और देश का नाम

सीएम मोहन ने कहा- वैदिक घड़ी से बढ़ेगा दुनिया में MP और देश का नाम

MP: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार 1 मार्च को उज्जैन पहुंचे। यहां संस्कृति विभाग स्वराज संस्थान एवं जिला प्रशासन द्वारा आयोजित विक्रमोत्सव-2024 में शामिल हुए। इस दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि समय के बदलते चक्र में उज्जैन में स्थापित दुनिया की पहली वैदिक घड़ी मध्यप्रदेश एवं देश का नाम दुनिया में बढ़ायेगी।

अब भारत का समय दुनिया में जाना जायेगा: मोहन यादव

राज्य सरकार सम्राट विक्रमादित्य पर केन्द्रित साहित्य का सृजन करने का प्रयास भी कर रही है। सम्राट विक्रमादित्य पर हमें सदैव गर्व रहा है। सीएम ने मंचासीन अतिथियों के साथ मां सरस्वती एवं सम्राट विक्रमादित्य के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सम्राट विक्रमादित्य द्वारा स्थापित सभ्यता के आदित्य को दुनिया में पहचाना गया है। नागरिक तंत्र स्थापना के प्रथम पुरूष के रूप में सम्राट विक्रमादित्य जाने जाते हैं। उन्होंने कहा कि विक्रमोत्सव सरकार द्वारा समाज को साथ लेकर चलने वाला उत्सव है। उज्जैन काल गणना की नगरी है। साथ ही महाकाल की नगरी भी उज्जयिनी है। हम सनातन संस्कृति के संवाहक हैं।

सनातन संस्कृति पर हमें गर्व है। महाकवि कालिदास ने अपने ग्रंथ और काव्यों के माध्यम से उज्जैन की गौरवगाथा का वर्णन किया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इस अवसर पर अर्ष भारत, वीर भारत, संकल्प न्यास और मण्डला, डिंडोरी, जबलपुर, सतना, जिलों के स्वाधीनता संग्राम सेनानियों पर केन्द्रित पुस्तकों, रामराजा शीर्षक से प्रकाशित पुस्तकों और ओरछा के रामराजा पर केन्द्रित सीडी का विमोचन भी किया।

Share this story