MP News: डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने दिए निर्देश: बेला-सिलपरा रिंग रोड कार्य शीघ्र करें पूर्ण, गडकरी करेंगे लोकार्पण
संवाददाता- अंकित कुमार
Bhopal: उप मुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने बेला-सिलपरा रिंग रोड की अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिये कि शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करें जिससे केन्द्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री श्री नितिन गड़करी से इसका लोकार्पण कराया जाना है। उन्होंने आरओवी, कैनाल के ऊपर ब्रिज तथा बीहर नदी के ऊपर बनाये जा रहे ब्रिज की प्रगति की जानकारी ली तथा कार्यों को गुणवत्ता के साथ नियत समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये।
बैठक में एनएचएआई के अधिकारियों ने बताया कि आरओबी का कार्य अक्टूबर माह तक, कैनाल के ऊपर ब्रिज का कार्य नवम्बर माह तक तथा बीहर नदी के ऊपर फोरलेन ब्रिज/सड़क का कार्य अक्टूबर माह के अंत तक पूर्ण कर लिया जायेगा और जनवरी माह के अंत तक 13 किमी के रिंग रोड का कार्य पूर्ण हो जायेगा। उप मुख्यमंत्री ने सिलपरा तरफ आरईबाल बनाने तथा सड़क किनारे सर्विस रोड का कार्य किये जाने के निर्देश भी दिये। अध्यक्ष नगर निगम श्री व्यंकटेश पाण्डेय, कमिश्नर रीवा संभाग बीएस जामोद, प्रभारी कलेक्टर डॉ. सौरभ सोनवणे सहित एनएचएआई के अधिकारी और निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

