Weather Update: दिल्ली में आज फिर हो सकती है बारिश,पंजाब-हरियाण के लिए भी येलो अलर्ट

Weather Update: देश के कई राज्यों में इन दिनों तापमान में नरमी देखी जा रही है। इस बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग ने अपने ताजा अपडेट्स में कहा है कि देश की राजधानी दिल्ली में गुरुवार को हल्की बारिश होने की संभावना है।
इसके लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है। इसका मतलब यह हुआ कि बारिश के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं, बुधवार को राजस्थान और पंजाब में बारिश का सिलसिला जारी रहा। आईएमडी ने दोनों राज्यों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया था।
मौसम विभाग ने कहा कि 23 और 24 मार्च को हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले इलाकों में बुधवार को हल्की बर्फबारी हुई। वहीं, निचले पहाड़ी इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हुई। सुंदरनगर में सबसे अधिक वर्षा हुई। मंडी, डलहौजी, चौरी, धर्मशाला और करसोग में भी बादल बरसा है।
IMD के अनुसार, गुरुवार से उत्तर पश्चिम भारत के कई राज्यों में बादलों की गरजना के साथ बारिश होने की संभावना है। इस दौरान पंजाब और हरियाणा में ओले गिरने की भी संभावना है। इसका असर पश्चिम राजस्थान तक देखने को मिल सकता है। वहीं, शुक्रवार को चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी ऐसे ही हालात रह सकते हैं। आईएमडी ने पश्चिमी राजस्थान और पंजाब के कुछ हिस्सों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हरियाणा, गुजरात और चंडीगढ़ के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
IMD ने क्षेत्र के लिए येलो अलर्ट जारी करते हुए कहा कि दिल्ली में गुरुवार को भी हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग ने पंजाब, हरियाणा और राजस्थान में किसानों से फसलों की कटाई को टालने के लिए कहा है। उन्होंने कहा कि तेज हवाओं और ओलों से खड़ी फसलों को नुकसान होने की संभावना है।